श्योपुर: जिले की कराहल तहसील अंतर्गत सहरिया आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में भारी बारिश के बाद अब उल्टी-दस्त की बीमारी ने गंभीर रूप ले लिया है। बीती रात दो साल के मासूम देव की मौत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, 64 लोग बीमार हैं, वहीं दस अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, जबकि जिला प्रशासन ने लापरवाही के आरोपों के बाद अब कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
लगातार हो रही मौतों और बिगड़ते हालातों के बीच श्योपुर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कराहल बीएमओ सुरेश सोनी को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित करने की सिफारिश ग्वालियर संभाग के कमिश्नर को भेज दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सहराना बस्ती के 150 घरों में पहुंचकर जांच की, जहां से 64 मरीजों की पुष्टि हुई। इनमें से 10 मरीजों को गंभीर हालत में कराहल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
उल्टी-दस्त से हो रही मौतों के बाद जब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। सहरिया बस्ती में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। शिविर के दौरान महिलाओं ने एसडीएम के सामने खुलकर शिकायत की कि कराहल के बीएमओ सुरेश सोनी ने न तो समय रहते गांव में जांच कराई, न ही किसी प्रकार की दवा या चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। उनका आरोप है कि बीमारों को ‘ठीक है’ कहकर घर भेज दिया गया, जिससे कई लोगों की जान चली गई।
मृतकों में सबसे पहले राजवीर आदिवासी की बेटी मंगला को उल्टियां हुईं। परिजन उसे कराहल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे सामान्य बताकर वापस भेज दिया। घर पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही मंगला की मौत हो गई। इसके बाद अजय आदिवासी के बेटे अभिराज को तेज उल्टियां और दस्त शुरू हुए, जिसे बचाया नहीं जा सका। खेत से लौटते वक्त विश्वास आदिवासी को चक्कर आया और उल्टी-दस्त के बाद उसकी भी जान चली गई। बीती रात को दो साल के मासूम देव की भी इलाज के अभाव में मृत्यु हो गई।
अब पानी की जांच और सफाई अभियान हुआ शुरू
लगातार हो रही मौतों के बाद अब स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए हैं। बस्ती और गांव में सफाई अभियान चलाया गया। उगना बस्ती के करीब 100 घरों में फैली गंदगी को हटाया गया और पेयजल के स्रोतों से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
