
भोपाल। राजधानी के सरदार वल्लभभाई पॉलीटेक्निक कॉलेज ऑडिटोरियम में आज रविवार, 8 फरवरी को राही वेलफेयर एंड रिसर्च सोसायटी द्वारा एक भव्य मुस्लिम युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। शाम 4:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के निकाह के लिए एक पारदर्शी और सुलभ मंच प्रदान करना था। संस्था की इस अनूठी पहल में जात-बिरादरी के बंधनों को दरकिनार कर मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लगभग 350 युवक-युवतियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया।
सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया, जिससे परिवारों को आपसी बातचीत का सीधा अवसर मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक आरिफ मसूद और मुफ्ती सलमान अजहरी विशेष रूप से मौजूद रहे। संस्था की अध्यक्ष फहमीदा बेगम और सचिव एडवोकेट आदिल रजा मंसूरी ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे समाज की वर्तमान जरूरत बताया। अंत में हाफिज आसिम और अन्य सहयोगियों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
