नयी दिल्ली 17 मई (वार्ता) ध्रुव जुरेल (53), कप्तान रियान पराग (51) और वैभव सूर्यवंशी (46) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आठ विकेट पर 193 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
आज यहां दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आरआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 19 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (12) का विकेट गंवा दिया। उन्हें लुंगी एन्गिडी ने आउट किया। ध्रुव जुरेल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ दूसरे विकेट लिये 70 रन जोड़े। आठवें ओवर में माधव तिवारी ने वैभव सूर्यवंशी का शिकार कर दिल्ली कैपिटल्स को दूसरी सफलता दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 46 रनों की पारी खेली।
एक समय जब आरआर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी 15वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट झटक कर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही आरआर के रनों की रफ्तार पर लगाम लगाई। स्टार्क ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग को आउट किया। रियान पराग ने 26 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 51 रनों की पारी खेली। रियान पराग अपने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। मिचेल ने अगली ही गेंद पर डॉनोवन फरेरा (शून्य) का शिकार कर लिया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर रवि सिंह (पांच) रन का पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्टार्क ने दसून शानका (पांच) को आउट कर अपना चौथा और टीम के लिए सातवां विकेट लिया। पारी के आखिरी ओवर में लुंगी एन्गिडी ने ध्रुव जुरेल को पगबाधा आउट किया। ध्रुव जुरेल ने पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 53 रन बनाये। राजस्थान रायल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 193 रन बनाये।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिचेल स्टार्क ने चार विकेट लिये। माधव तिवारी और लुंगी एन्गिडी ने दो-दो बल्लेबाज को आउट किया।
