इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस सेवा सप्ताह के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मध्य प्रदेश गीता परिवार के अध्यक्ष कैलाश सोनी उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में कैलाश सोनी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल स्क्रीन टाइम का उपयोग भोजन में चटनी की तरह सीमित होना चाहिए, जबकि पुस्तकें और मौलिक ज्ञान मुख्य भोजन के समान हैं। उन्होंने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से स्वामी विवेकानंद की आध्यात्मिक यात्रा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने स्वामी विवेकानंद को युवाओं का आदर्श बताते हुए उनके प्रेरक मंत्र “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान गीता परिवार द्वारा विवेकानंद जी के जीवन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही गीता परिवार की ओर से समस्त शैक्षणिक स्टाफ को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतियां भेंट की गईं।
कार्यक्रम में प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि कैलाश सोनी को शाल पहनाकर सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. ओपी शर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
