
नर्मदापुरम। अंततः भारतीय किसान संघ की बात नहीं सुनी गई। प्रशासन ने 27 मार्च से ही नहर से पानी छोड़ने का निश्चय दोहराया है। जिसके बाद किसान संघ ने नहर में उतरकर आंदोलन करने का ऐलान किया है।
काबिलेगौर है विगत दिनों संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक में 27 मार्च को शाम 5 बजे बायीं तट नहर में पानी छोड़नें का अंतिम निर्णय हुआ है। जिसके विरोध में भारतीय किसान संघ जिला इकाई के द्वारा पथरौटा मुख्य नहर में बैठकर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है । संभागीय प्रचार प्रसार प्रमुख उदय कुमार पाण्डेय नें बताया कि विभाग नें किसानों से बिना सामंजस्य बनाएं 27 मार्च से मुख्य नहर छोड़नें का फैसला लिया है जोकि अनुचित है भारतीय किसान संघ नें 1 अप्रैल से नहर में पानी छोड़नें की मांग की थी।
कल करेंगे आंदोलन
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह राजपूत एवं जिला प्रचार प्रसार प्रमुख ललित सिंह चौहान नें बताया कि विभाग नें नर्मदापुरम जिले के किसानों की आकांक्षाओं को दरकिनार करके 27 मार्च से नहर में पानी छोड़नें पर निर्णय लिया जो किसान हित में नहीं है । कल भारतीय किसान संघ आंदोलन करेगा । नहर में पानी छूटनें से किसान जल्दबाजी करते है,और आगजनी की बड़ी घटनाएं हो सकती है । नर्मदापुरम् जिले नें विगत वर्षों पहले पांजरा में हुआ भीषण अग्निकांड भी देखा है किंतु प्रशासन नें इससे कोई सबक नहीं लिया है ।
