सीएम डॉ यादव के बयान पर कमलनाथ का पलटवार, कहा पद की गरिमा के अनुरूप रखें भाषा

भोपाल। शुजालपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिए गए बयान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी।

कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए और कांग्रेस पार्टी तथा उसके नेतृत्व के संबंध में की गई टिप्पणियां अशोभनीय हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए मेडिकल कॉलेजों के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। कमलनाथ ने कहा कि मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा उनकी सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था और वर्तमान में संचालित हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को छिंदवाड़ा आकर विकास कार्यों को देखने की सलाह देते हुए सिमरिया स्थित बजरंगबली की विशाल प्रतिमा और धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि महाकाल कॉरिडोर की शुरुआत भी उनकी सरकार के समय हुई थी।

कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर सत्ता के अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2018 में जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर किया था। उन्होंने 2020 और 2023 के राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा तथा दावा किया कि जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।

इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।

 

 

Next Post

सियासी घमासान: बीजेपी प्रवक्ता डॉ बाजपेई ने पटवारी को दी आत्ममंथन की सलाह, किसान का बेटा होना गर्व की बात, लेकिन नाम पर राजनीति करना गलत

Sun May 31 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के शुजालपुर में दिये बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में जारी बयानबाजी के बीच भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेई ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस नेतृत्व पर जनादेश का […]

You May Like