सियासी घमासान: बीजेपी प्रवक्ता डॉ बाजपेई ने पटवारी को दी आत्ममंथन की सलाह, किसान का बेटा होना गर्व की बात, लेकिन नाम पर राजनीति करना गलत

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के शुजालपुर में दिये बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में जारी बयानबाजी के बीच भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेई ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस नेतृत्व पर जनादेश का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया।

डॉ बाजपेई ने कहा कि चुनाव हारना और जनता के फैसले को लगातार नकारना दो अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण देते हुए लिखा कि अटल जी चुनाव हारे, लेकिन उन्होंने कभी जनता के निर्णय पर सवाल नहीं उठाए। वहीं कांग्रेस नेताओं पर हार के बाद जनादेश को स्वीकार न करने और चुनी हुई सरकारों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि किसान का बेटा होना गर्व की बात है, लेकिन किसानों के नाम पर राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश की जनता ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में अपना फैसला स्पष्ट रूप से दिया था और वर्ष 2028 में भी वही जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय करेगी।

डॉ बाजपेई ने कांग्रेस नेतृत्व को आत्ममंथन की सलाह देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और राजनीतिक दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उनके इस बयान से प्रदेश में चल रही भाजपा-कांग्रेस की राजनीतिक नोकझोंक और तेज हो गई है।

 

Next Post

मुंबई में आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी के आरोप में 13 सट्टेबाज हुए गिरफ्तार

Sun May 31 , 2026
मुंबई, 31 मई (वार्ता) मुंबई पुलिस ने रविवार को कहा कि मौजूदा आईपीएल सीजन के दौरान अवैध सट्टेबाजी में कथित संलिप्तता के आरोप में पड़ोसी पनवेल तालुका के वाकड़ी गांव में एक फार्महाउस पर आधी रात को छापेमारी के दौरान 13 क्रिकेट सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया गया। एक गुप्त सूचना […]

You May Like