इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक द्वारा नाबालिग लड़की को डराने-धमकाने का मामला सामने आया है. आरोपी युवक नाबालिग पर एक पुराने मामले में राजीनामा करने का दबाव बना रहा है. आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी है कि यदि उसने बात नहीं मानी, तो वह होली तक उस पर एसिड फेंक देगा. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय नाबालिग पीड़िता ने अपनी सहेली नेहा के भाई सुमित पिता रामबहादुर परिहार निवासी गणेश धाम कॉलोनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है.
पीड़िता ने बताया कि आरोपी पिछले कुछ समय से उसे और उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रहा है. बीती रात आरोपी पीड़िता के घर पहुँचा और पुरानी रिपोर्ट पर राजीनामा करने के लिए धमकाने लगा. आरोपी ने नाबालिग को डराते हुए कहा कि यदि उसने समझौता नहीं किया, तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से खत्म कर देगा. इतना ही नहीं, आरोपी पीड़िता के कार्यस्थल पर जाकर और फोन पर भी लगातार धमकियां दे रहा है. आरोपी ने खौफनाक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर राजीनामा नहीं किया, तो होली तक तुझे एसिड से जला दूँगा, डरी-सहमी पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई, मामले में पुलिस जांच कर रही है.
