
पांढुर्णा। मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले में चलती मोटरसाइकिल पर एक युवक की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक फटने से बड़ा हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोबाइल में तेज धमाके के साथ आग लग गई, जिससे युवक की पैंट में भी आग लग गई। अचानक हुई इस घटना से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और युवक करीब 12 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में युवक के पैर की हड्डी टूट गई है और प्राइवेट पार्ट सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी जलने से चोट आई है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल की बैटरी या तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि मोबाइल फोन का उपयोग करते समय केवल प्रमाणित बैटरी और चार्जर का इस्तेमाल करें तथा किसी भी प्रकार की असामान्य गर्माहट या खराबी दिखने पर तुरंत उसका उपयोग बंद कर दें।
