
सीधी । जिले के खड्डी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम धनहा में गुरुवार रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर के पास चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे पिता-पुत्री को टक्कर मार दी। इस घटना में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी मासूम बेटी की जान बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार राहुल केवट अपनी बेटी के साथ आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के पास से गुजरते हुए अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ऋषि कोल नशे की हालत में अपनी बाइक से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल केवट के पैर में दो जगह फ्रैक्चर हो गए और वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद वहां चल रहा नाच-गाना रुक गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायल राहुल को तत्काल रामपुर नैकिन अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया है। बाइक चालक ऋषि कोल को भी मामूली चोटें आई हैं।
इनका कहना है-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक के संबंध में जानकारी जुटाई है। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत मिलने के बाद आरोपी बाइक चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नीरज साकेत ,चौकी प्रभारी खड्डी
