चुनावी वादे फाइलों में दफन, बदहाल सिंगरौली की सड़कों पर फूटा कर्मचारियों का गुस्सा

सिंगरौली: नगर निगम सिंगरौली में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब सीधे तौर पर महापौर रानी अग्रवाल के चुनावी वादों पर सवाल खड़े करने लगी है। निगम के कर्मचारी और हड़ताली सफाई कर्मी खुलकर आरोप लगा रहे हैं कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन सत्ता मिलने के बाद उन वादों को फाइलों में दबाकर छोड़ दिया गया। यही वजह है कि आज कर्मचारी अपने हक के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं और पूरा शहर कचरे के ढेर में तब्दील होता जा रहा है।
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि महापौर चुनाव के दौरान कर्मचारियों के हित में कई आकर्षक घोषणाएं की गई थीं। इनमें सफाई कर्मचारियों के लिए पृथक इंश्योरेंस योजना लागू करना, ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देना, नगर निगम में ठेका प्रथा समाप्त करना और वर्षों से काम कर रहे ठेका कर्मचारियों का स्थायीकरण करना प्रमुख वादे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि इन घोषणाओं को मंचों से जोर-शोर से प्रचारित किया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि निगम में बड़ी संख्या में कर्मचारी आज भी ठेका व्यवस्था के तहत बेहद कम वेतन और असुरक्षित परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। कर्मचारियों के मुताबिक चुनाव जीतने के बाद महापौर और निगम प्रशासन ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेना बंद कर दिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते वादों पर अमल किया गया होता तो आज सफाई कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता नहीं अपनाना पड़ता।
उधर निगम प्रशासन और महापौर पक्ष अपनी सफाई में यह दलील दे रहे हैं कि कर्मचारी हित से जुड़े कई प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित हैं और स्वीकृति मिलने के बाद योजनाओं को लागू किया जाएगा। हालांकि कर्मचारियों का आरोप है कि यह जवाब पिछले लंबे समय से दिया जा रहा है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस परिणाम दिखाई नहीं दे रहा।
हड़ताल का असर अब पूरे शहर में साफ नजर आने लगा है। कई वार्डों में कचरे के ढेर लग चुके हैं, बदबू और गंदगी से लोग परेशान हैं और आम नागरिकों में भी निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। सफाई कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों और चुनावी वादों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Next Post

करनी होगी गौरक्षा,गाय से विमुख संत,महंत-महामंडलेश्वर लिखना बंद करें : नागाजी सरकार

Wed May 13 , 2026
भिंड:ग्राम गौरई स्थित सिद्ध बाबा आश्रम पर प्रवाहित हो रही श्रीमद् भागवत कथा के मध्य आयोजित प्रेस वार्ता में अंतरराष्ट्रीय वैदिक शास्त्रार्थ विजेता, पीठाधीश्वर डॉ. प्रेम अवतार नागाजी सरकार ने गौ रक्षा को लेकर संत समाज एवं सनातनियों को सख्त निर्देश दिए। नागाजी सरकार ने कहा कि संत समाज और […]

You May Like