मुलताई फोरलेन पर भीषण हादसा, ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, पति-पत्नी समेत 3 की मौत, 8 घायल

बैतूल: जिले के मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के नागपुर के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। सभी सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।

मृतकों में 42 वर्षीय दीपक और उनकी पत्नी 40 वर्षीय छाया की पहचान हुई है, जबकि तीसरी मृतक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। घायलों में 10 वर्षीय नैतिक, 45 वर्षीय उज्ज्वला, 25 वर्षीय नीता, 18 वर्षीय अनुष्का, संगीता, शंभु, प्रज्ज्वल और 30 वर्षीय कार चालक सौरभ शामिल हैं।

सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को नागपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चश्मदीदों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया और छत व आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Next Post

नरोत्तम मिश्रा को देख समर्थक बोले- ‘देखो-देखो शेर आया-शेर आया’, फिर ‘भाजपा जिंदाबाद’ के नारे लगाने लगे

Sat Aug 22 , 2026
दतिया: पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के दतिया पहुंचते ही माई कृपा परिसर में समर्थकों का उत्साह देखने को मिला। पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद नरोत्तम मिश्रा अपने निवास माई कृपा पहुंचे। उन्हें देखते ही समर्थकों ने ‘नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद’, ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे […]

You May Like