इंदौर: राऊ थाना क्षेत्र के रंगवासा इलाके में पैसों के लेनदेन और ब्याज को लेकर गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है. एक युवक ने जब उधार लिए गए पैसों के ब्याज देने से इनकार किया, तो आरोपीगण युवक की बाइक छीनकर ले गए और उसे जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ लूट और धमकाने का प्रकरण दर्ज किया है.
फरियादी मनीष पिता रामप्रसाद, निवासी भील मोहल्ला रंगवासा ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी अजय भाबर से करीब दो महीने पहले 20,000 रुपये उधार लिए थे.
मनीष ने बताया कि वह इसमें से 19,000 रुपये वापस चुका चुका है और केवल 1,000 रुपये बाकी हैं. लेकिन, आरोपी अजय अब उन रुपयों के साथ-साथ ब्याज की भी जबरन मांग कर रहा है.बीती रात करीब 10:00 बजे आरोपी अजय भाबर, राजा गावड और उनके अन्य साथी मनीष के घर पहुंचे. वहां पहुँचते ही वे पैसों को लेकर गाली-गलौज करने लगे. जब मनीष ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी.
आरोपियों ने मनीष से कहा, अगर रुपये नहीं दे सकता, तो अपनी गाड़ी दे. इतना कहकर अजय ने मनीष की मोटरसाइकिल क्रमांक MP-09-QX-6118 जबरन छीन ली. आरोपी ने धमकी दी कि, जब मेरे रुपये चुका देगा, तभी अपनी मोटरसाइकिल वापस ले जाना.गाड़ी छीनने के बाद जाते-जाते अजय ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी. उसने कहा कि यदि जल्द ही पूरे रुपये नहीं मिले, तो वह उसे जान से खत्म कर देगा. राऊ पुलिस ने फरियादी मनीष की शिकायत पर आरोपी अजय भाबर निवासी नयापुरा, रंगवासा, राजा गावड और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
