जबलपुर: एक युवक ने शादी का वादा कर महिला वकील को सात साल तक अपने प्रेम जाल में फंसाए रखा और जब शादी की बारी आई, तो गुपचुप तरीके से दूसरी युवती से विवाह कर लिया। पीडि़ता की शिकायत पर भेड़ाघाट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ओमती निवासी 30 वर्षीय पीडि़ता अधिवक्ता हैं। साल 2016 में जब वह प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कर रही थीं, तब उसकी पहचान भेड़ाघाट निवासी शुभम पटेल (32) से हुई थी।
शुभम ने मेल-जोल बढ़ाकर पीडि़ता को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का भरोसा दिलाया। पीडि़ता ने बताया कि साल 2017 में शुभम उसे भेड़ाघाट स्थित एक होटल में ले गया, जहाँ उसने पहली बार उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने जल्द शादी करने का वादा किया। इसके बाद वह लगातार पीडि़ता का शारीरिक शोषण करता रहा।
हाल ही में पीडि़ता को पता चला कि शुभम ने उसे अंधेरे में रखकर किसी दूसरी युवती से कोर्ट मैरिज कर ली है। जब पीडि़ता ने इस विश्वासघात का कारण पूछा और अपना हक मांगा, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और उसे धमकी दी। आरोपी के व्यवहार से तंग आकर पीडि़ता ने भेड़ाघाट थाने में आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी शुभम पटेल के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
