जर्मनी में जेन-जी के प्रदर्शनों के बाद हिंसा, 200 से अधिक लोग गिरफ्तार

बर्लिन, 01 नवंबर (वार्ता) जर्मनी के कई शहरों में शिक्षा के लिए अधिक खर्च, बेहतर सामाजिक नीतियों और बढ़ती महंगाई से राहत की मांग को लेकर जेनरेशन जेड (जेन-जी) के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के बाद हिंसा भड़कने पर 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि हैम्बर्ग, फ्रैंकफर्ट और बर्लिन में कट्टरपंथी समूहों ने अलग-अलग प्रदर्शन किए, अवरोधक खड़े किए और सुरक्षा बलों के साथ झड़प की, जिसके बाद हिंसा भड़क उठी। जेन-जी रेगेल्ट पहल के तहत 30 से अधिक शहरों में आयोजित मुख्य प्रदर्शनों में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने अनिवार्य सैन्य सेवा फिर से शुरू करने की सरकार की योजना का भी विरोध किया।

मुख्य प्रदर्शन समाप्त होने के बाद छोटे समूहों के हिंसा पर उतरने से स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर पत्थर, बोतलें और पटाखे फेंके, जिसके बाद अधिकारियों को पानी की बौछार करने वाली गाड़ियां और विशेष पुलिस इकाइयां तैनात करनी पड़ीं। फ्रैंकफर्ट में नकाबपोश समूहों ने कथित तौर पर दुकानों में तोड़फोड़ की और कई प्रतिष्ठानों में लूटपाट की। इनमें हथियारों की एक दुकान भी शामिल थी। पुलिस ने बताया कि दुकान की खिड़कियां तोड़कर कम से कम दो आग्नेयास्त्र चोरी किए गए। बाद में दोनों हथियार बरामद कर लिए गए और एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया।

फ्रैंकफर्ट में 30 से अधिक लोगों को अस्थायी रूप से गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस के एक वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। हैम्बर्ग में मुख्य प्रदर्शन के बाद काले कपड़े पहने और आंशिक रूप से चेहरा ढके प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय बस अड्डे के पास जलते हुए अवरोधक खड़े कर दिए। इसके बाद पुलिस ने 120 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित तौर पर पत्थर, बोतलें और पटाखे फेंके जाने से कम से कम 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। शहर के पूर्वी इलाकों में छोटी-मोटी आगजनी और अशांति की घटनाएं भी सामने आईं।

बर्लिन के मित्ते जिले में शाम के समय हुई झड़पों के दौरान पुलिस ने 56 लोगों तक को अस्थायी रूप से हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित तौर पर पत्थर, बोतलें, अंडे और पटाखे फेंके जाने से पुलिस के 27 जवानों को मामूली चोटें आईं। क्षेत्रीय प्रसारक डब्ल्यूडीआर के अनुसार, दंगों में जेन-जी प्रदर्शनकारियों के अलावा अन्य समूह भी शामिल थे। कोलोन के पुलिस प्रमुख जोहानेस हरमैन्स ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर “ऐसे चरमपंथियों की गतिविधियों का साया पड़ गया, जिनका इरादा केवल हिंसा करना था।”

कोलोन में शहर के गिरजाघर के पास छोटे समूहों की पुलिस के साथ झड़प के बाद कम से कम पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। श्री हरमैन्स ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपने भविष्य को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से चिंता जताने वाले युवाओं के प्रदर्शन में हिंसा करने के इरादे से आए समूह शामिल हो गए। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और झड़पों से खुद को अलग रखने वाले लोगों का आभार भी जताया।

.....

Next Post

मोदी, शाह, ज्ञानेश वोट चोरी के जिम्मेदार, सबको मिलेगी सजा : राहुल

Sun Nov 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वोट चोरी करने […]

You May Like