दतिया: पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के दतिया पहुंचते ही माई कृपा परिसर में समर्थकों का उत्साह देखने को मिला। पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद नरोत्तम मिश्रा अपने निवास माई कृपा पहुंचे। उन्हें देखते ही समर्थकों ने ‘नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद’, ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।कार्यकर्ताओं की भीड़ इतनी बढ़ गई कि परिसर में काफी देर तक चहल-पहल बनी रही। समर्थक नरोत्तम मिश्रा से मिलने, हाथ मिलाने और फोटो लेने के लिए उनके आसपास जुट गए। मिश्रा ने भी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। दतिया के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह भी नजर आए। नरोत्तम उपचुनाव के बाद पहली बार दतिया पहुंचे हैं।
नरोत्तम का दतिया दौरा पहले से निर्धारित था। इसलिए सुबह से समर्थक जुटने लगे थे। लगातार नारेबाजी के बीच नरोत्तम मिश्रा ने हाथ के इशारे से उन्हें शांत रहने के लिए कहा। इसके बाद ‘शेर आया-शेर आया’ के नारे थम गए, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। समर्थकों ने ‘भाजपा जिंदाबाद’ और ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
