जबलपुर: माढोताल थाना अंतर्गत सूखा में शातिर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपये नगद उड़ा दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने पकड़े जाने के डर, साक्ष्य छुपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया और उसकी हार्डडिस्क निकालकर अपने साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सूखा निवासी सुशील कुमार सेन (51) प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। उनके सूखा स्थित मकान में उनकी मां विमला सेन अकेली रहती हैं। मां की तबीयत खराब होने के कारण पिछले 20 दिनों से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान घर पूरी तरह से सूना था, जबकि मकान के एक हिस्से में किरायेदार प्रमोद रहता है। सुबह करीब 6 बजे किरायेदार प्रमोद ने मकान मालिक सुशील कुमार को फोन कर सूचना दी कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। जानकारी मिलते ही सुशील अपनी मां के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारी, पेटी व सूटकेस के ताले टूटे थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी और पेटी खंगालकर जेवर, लगभग 1 लाख रुपये नगद पार कर दिए। शातिर चोरों ने पहचान उजागर होने के डर से घर में लगे कैमरों में तोड़फोड़ की और उनकी हार्डडिस्क भी निकाल ले गए।
