खंडवा: जिले के थाना नर्मदानगर अंतर्गत ग्राम छोटी धावडिय़ा में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस शर्मनाक वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उन पर 10 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। साथ ही मामले की बारीकी से जांच और त्वरित कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन कर दिया गया है।
आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। यह पूरा मामला 6 मार्च 2026 की शाम को तब सामने आया जब डायल 112 के माध्यम से पुनासा चौकी को सूचना मिली कि छोटी धावडिय़ा में दो दिन पूर्व एक वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई है। सूचना मिलते ही एसडीओपी मूंदी मनोहर सिंह गवली, चौकी प्रभारी पुनासा और थाना प्रभारी नर्मदानगर तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराया और चार अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
