
नयी दिल्ली 09 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार, हरियाणा और ओडिशा में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किये हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि श्री नवीन ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को बिहार का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को हरियाणा की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को ओडिशा का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। गौरतलब है कि भाजपा ने चार मार्च को देश के छह राज्यों में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए नौ उम्मीदवारों के नानों की घोषणा की थी।
देश के 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि सोमवार (9 मार्च) है। राज्यसभा की कुल कुल 73 सीटों में से 26 सीटों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है, लेकिन तीन राज्यों की 11 सीटों के लिए सियासी घमासान है। जिन राज्यों में राज्यसभा का चुनाव होने वाला है, उनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा शामिल हैं। हरियाणा, ओडिशा और बिहार में निर्धारित सीटों से ज्यादा उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं, इसलिए अगर आज कोई उम्मीदवार अपना नाम वापस नहीं लेता है तो 16 मार्च को कड़ा चुनावी मुकाबला देखने को मिलेगा।
