नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ चीनी में तेजी रही, जबकि गेहूं में नरमी देखी गयी। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 103 रुपये बढ़कर 3,856 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 44 रुपये टूटकर 2,810 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। आटा भी 62 रुपये सस्ता हुआ। दाल-दलहनों में तुअर दाल औसतन 161 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। चना दाल की कीमत 126 रुपये और मसूर दाल की 118 रुपये बढ़ गयी। मूंग दाल 70 रुपये मजबूत हुई। वहीं, उड़द दाल 10 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मई वायदा 203 रिंगिट चढ़कर 4,570 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। मई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 2.78 प्रतिशत की बढ़त में 68.43 सेंट प्रति पौंड बोला गया। स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की औसत कीमत 189 रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। पाम ऑयल 60 रुपये और सोया तेल 44 रुपये सस्ता हुआ। सूरजमुखी तेल 38 रुपये की गिरावट में रहा। सरसों तेल और वनस्पति की कीमत 72-72 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 49 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी भी पांच रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।

