रिटायर्ड आबकारी अधिकारी के परिवार के दो लॉकरों से मिला 3.85 करोड़ का सोना-हीरा

इंदौर:रिटायर्ड जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार को भदौरिया के परिवार से जुड़े दो और बैंक लॉकरों से करीब 3 करोड़ 85 लाख रुपए कीमत के सोने और हीरे के जेवरात जब्त किए हैं. ये लॉकर उनकी बेटी अपूर्वा भदौरिया, बेटे सूर्यांश और बहू मिनी शुक्ला भदौरिया के नाम पर थे.

लोकायुक्त टीम ने देवास नाका स्थित कैनरा बैंक में अपूर्वा के नाम से संचालित लॉकर खोला, जिसमें से करीब 1.5 करोड़ रुपए मूल्य के आभूषण निकले. इसके बाद एचडीएफसी बैंक के लॉकर से 2 करोड़ 35 लाख रुपए कीमत के सोने-हीरे के जेवर जब्त किए गए. एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि केवल सोने का वजन ही करीब 3.6 किलो निकला है. सूत्रों का कहना है कि धर्मेंद्र भदौरिया को पहले से अंदेशा था कि लोकायुक्त जल्द ही लॉकरों की जांच करेगी.

वह वकीलों के माध्यम से बैंक प्रबंधन पर दबाव बनाकर लॉकर खुलवाने की कोशिश कर रहा था, ताकि आभूषणों को निकाल सके. हालांकि बैंक अधिकारियों ने लोकायुक्त को सूचना दी और लॉकर पहले ही फ्रीज कर दिए थे. कैनरा बैंक में कार्रवाई निरीक्षक रेणु अग्रवाल के नेतृत्व में हुई, जबकि एचडीएफसी बैंक में डीएसपी सुनील तालान ने टीम संभाली. दोनों जगह लॉकर खोलने से पहले विस्तृत वीडियोग्राफी करवाई गई.

गौरतलब है कि लोकायुक्त ने इससे पहले भदौरिया के कैलाश कुंज स्थित अपार्टमेंट पर छापा मारा था, जहां से करीब 80 लाख रुपए कीमत का सोना बरामद किया था. अब तक की कार्रवाई में भदौरिया और उनके परिवार से करीब 4.5 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त की जा चुकी है. लोकायुक्त सूत्रों के मुताबिक, यह मामला अब गैर अनुपातिक संपत्ति के बड़े केस के रूप में उभर रहा है. टीम ने परिवार के सभी खातों, निवेशों और संपत्तियों की जांच तेज कर दी है.

Next Post

खुशियों की डबल एंट्री! जुड़वां बच्चों का स्वागत करेंगे राम चरण और उपासना

Sat Oct 25 , 2025
मुंबई, (वार्ता) उपासना कामिनेनी कोनिडेला और राम चरण अपने जीवन का एक नया और खूबसूरत सफर शुरू कर रहे है। यह कपल जल्द ही जुड़वां बच्चों का स्वागत करने के लिए तैयार है। उन्होंने यह खुशखबरी एक प्यारे वीडियो के ज़रिए दी, जिसमें उपासना की बेबी शॉवर सेरेमनी की झलकियां […]

You May Like