ओएचई यान ने ट्रैक मशीन को टक्कर मारी, दो कर्मचारी गंभीर

नीमच। जिले में सोमवार दोपहर हिंगोलिया फाटक के पास रेलवे पटरी पर बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक रिपेयरिंग के लिए खड़ी एक ट्रैक मशीन में पीछे से ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) निरीक्षण यान तेज रफ्तार से जा घुसा। हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ, जिसमें दो कर्मचारी घायल हुए, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे निरीक्षण यान के अचानक ब्रेक फेल हो गए थे। नियंत्रण बिगडऩे के बाद यान सीधे खड़ी ट्रैक मशीन से टकरा गया और उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक मशीन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दो कर्मचारी गंभीर घायल, अस्पताल रेफर

हादसे में घायल कर्मचारियों को तुरंत शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो कर्मचारियों की पहचान विष्णु पिता नारायण राठौर (32), निवासी रेलवे कॉलोनी नीमच, और रामनरेश पिता सुखलाल मीणा (22), निवासी मंदसौर, के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को नीमच जिला चिकित्सालय से रेफर किया गया है।

दो घंटे चला यान और मशीन को हटाने का काम

हादसे के बाद पटरी पर खड़ी निरीक्षण यान और ट्रैक मशीन को हटाने में दो घंटे से ज्यादा का समय लगा। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। रेलवे विभाग ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई प्रक्रिया में है और दुर्घटना के तकनीकी कारणों की भी जांच की जा रही है।

Next Post

सीएम ममता के भतीजे सांसद अभिषेक की गिरफ्तारी पर रोक बरकरार

Mon Dec 8 , 2025
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के विरुद्ध भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट पर रोक बरकरार रखी है। वहीं कोर्ट ने आकाश विजयवर्गीय को जवाब पेश करने मोहलत प्रदान की है। जस्टिस बीपी शर्मा की एकलपीठ […]

You May Like