नयी दिल्ली, 17 मई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों में गैस की आपूर्ति करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने रविवार को सीएनजी के दाम एक रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिये।
दो दिन पहले ही 15 मई को कंपनी ने सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की थी।
दिल्ली में एक किलोग्राम सीएनजी आज से 80.09 रुपये का हो गया है। पहले इसकी कीमत 79.09 रुपये थी।
दिल्ली के साथ ही आईजीएल ने नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, गुरुग्राम, रेवाड़ी, करनाल, कैथल, कानपुर, हमीरपुर, फतेहपुर, अजमेर पाली, राजसमंद, महोबा, बांदा, चित्रकूट, हापुर, गौतमबुद्धनगर और ग्रेटर नोएडा में भी सीएनजी की कीमत एक-एक रुपये बढ़ा दी है।
तीन दिन में सीएनजी की कीमतों में तीन रुपये प्रति किलोग्राम को वृद्धि विशेष रूप से ऑटो और कैब आदि के किराये पर असर डाल सकता है। राष्ट्रीय राजधानी में सभी ऑटो रिक्शा और कैब अनिवार्य रूप से सीएनजी पर ही चलते हैं।
इससे पहले 01 अप्रैल से आईजीएल ने पीएनजी की कीमतों में 1.70 रुपये प्रति मानक घन मीटर की वृद्धि की थी।
पश्चिम एशिया संकट के कारण प्राकृतिक गैस का उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला दोनों बाधित हुई हैं। इससे गैस वितरण कंपनियों द्वारा कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
