इंदौर:एमआर 10 पर पुराने टोल टैक्स के पास शनिवार सुबह गैस सिलेंडर से भरे ट्रक की टक्कर से टाटा एस चालक गंभीर घायल हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा एस का चालक की तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया.
हादसा सुबह करीब 7 बजे वाइन शॉप के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि गैस सिलेंडर से भरा ट्रक टाटा एस के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान ट्रक ने टाटा एस के क्लीनर साइड से चालक की तरफ टक्कर मार दी. टाटा एस एमपी 09 एलपी 3140 के चालक के पैर और कूल्हे के पास गंभीर चोट आई, जिससे काफी खून बह रहा था. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. सामाजिक कार्यकर्ता श्याम यादव ने अन्य लोगों की मदद से वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला.
उसके पैर से तेजी से खून निकल रहा था, इसलिए कपड़े की पट्टी बांधकर रक्तस्राव रोकने की कोशिश की गई. इसके बाद डायल 112 और एम्बुलेंस को सूचना देकर घायल को अस्पताल पहुंचाया. टाटा एस श्रीभवानी कैटरिंग, कबीटखेड़ी-सुखलिया क्षेत्र की बताई गई है. वाहन अरबिंदो अस्पताल की ओर से आ रहा था. हादसे में टाटा एस का अगला हिस्सा और चालक की तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मामले में पुलिस जांच कर रही है
