सड़क किनारे खड़ी ऑटो को कार चालक ने मारी टक्कर, दो छात्राएं एवं ऑटो चालक घायल

सिंगरौली । कोतवाली बैढ़न के समीपी आज रविवार की शाम सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। कलेक्ट्रेट के पास कृषि उपज मंडी के सामने एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में दो छात्राएं और ऑटो चालक घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार घायल छात्राएं डिप्लोमा कॉलेज पचौर की बताई जा रही हैं। जिसमें स्तुति द्विवेदी निवासी बहरी-सीधी और दीपांजलि साकेत निवासी सोलंग मोड-गोरबी बताई जा रही है। वे बैढ़न सिलेंडर भरवाने आई थीं और उनका ऑटो मंडी के सामने खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आई कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान कार के एयरबैग भी खुल गए। इस दुर्घटना में ऑटो चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार लापरवाही से चलाई जा रही थी। लोगों ने बताया कि कार में हूटर भी लगा हुआ था। वहीं यह चर्चा भी सामने आई कि कार एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष की बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलने पर बैढ़न थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और वाहन चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Next Post

एसपी आनंद कलादगी खुद उतरे सड़क पर, पुलिस बल को रिफ्लेक्टर जैकेट पहना कर की ट्रैफिक चेकिंग

Sun May 17 , 2026
दमोह। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) खुद फील्ड में उतर गए हैं। आज जबलपुर नाका चौकी पर उन्होंने एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया, सीएसपी एच.आर. पांडे, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, चौकी प्रभारी जबलपुर नाका प्रियंका पटेल सहित पुलिस बल […]

You May Like