स्टार्ट नहीं हुई बाइक तो मालिक ने ही लगा दी आग

इंदौर. मालवा मिल क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी ही बाइक स्टार्ट नहीं होने पर गुस्से में उसे लाइटर से आग लगा दी. सड़क पर धू-धूकर जलती बाइक से कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहन आग की चपेट में आने से बच गए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना मालवा मिल स्थित कलाली के सामने की है. एक युवक काफी देर तक बाइक स्टार्ट करने की कोशिश करता रहा. जब बाइक चालू नहीं हुई तो उसने गुस्से में लाइटर निकालकर उसमें आग लगा दी और मौके से भाग निकला. देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. शुरुआत में लोगों को लगा कि किसी शरारती तत्व ने दूसरे व्यक्ति की बाइक में आग लगाई है, लेकिन पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि आग लगाने वाला व्यक्ति बाइक का मालिक ही था. पुलिस ने आरोपी की पहचान अनिल पिता नाथू बामनिया, निवासी जीवन की फैल, के रूप में की. उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पता चला कि घटना के समय वह शराब के नशे में था. आरोपी आदतन नशे का आदी है और नशे की हालत में बाइक स्टार्ट नहीं होने की खुन्नस में उसने अपनी ही बाइक में आग लगा दी. मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

Next Post

इवेंट मैनेजर, ग्राफिक डिजाइनर समेत चार युवक एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार

Thu Jul 2 , 2026
इंदौर. क्राइम ब्रांच ने शहर में एमडी ड्रग्स की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को 23 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक इवेंट मैनेजर, ग्राफिक डिजाइनर, लेडीज सूट का कारोबारी और टायर व्यापारी शामिल हैं. आरोपी देवास के एक तस्कर […]

You May Like