
इंदौर. क्राइम ब्रांच ने शहर में एमडी ड्रग्स की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को 23 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक इवेंट मैनेजर, ग्राफिक डिजाइनर, लेडीज सूट का कारोबारी और टायर व्यापारी शामिल हैं. आरोपी देवास के एक तस्कर से ड्रग्स खरीदकर थार वाहन में बने गुप्त बॉक्स में छिपाकर इंदौर लेकर आए थे. पुलिस अब ड्रग्स सप्लाई करने वाले मुख्य तस्कर की तलाश में जुटी है.
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक थार में कुछ युवक एमडी ड्रग्स लेकर शहर में आने वाले है. सूचना के आधार पर टीम ने स्कीम नंबर 134 क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोका. तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर चश्मा रखने के लिए बनाए गए गुप्त बॉक्स से 23 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई. पूछताछ में आरोपियों की पहचान फरहान शेख निवासी खिजराबाद, अतीक उर्फ तौफिक खान, अमन खान और फरहान खान, तीनों निवासी जूना रिसाला, के रूप में हुई. इनमें एक लेडीज सूट का कारोबारी, एक इवेंट मैनेजर, एक टायर व्यापारी और एक ग्राफिक डिजाइनर है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे नशे के आदी हैं और देवास के एक तस्कर से एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर लाए थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एमडी ड्रग्स और थार वाहन जब्त कर लिया है. मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स की सप्लाई शहर में किन लोगों तक की जानी थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं. देवास के फरार तस्कर की तलाश भी शुरू कर दी गई है. मामले में डीसीपी क्राइम राजेशकुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को 23 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ड्रग्स देवास के एक तस्कर से खरीदी गई थी, मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
