नशे के खिलाफ सड़क पर उतरी इंदौर की नारी शक्ति 3000 से अधिक महिलाओं ने निकाली वॉकाथॉन

इंदौर:नशे के खिलाफ इंदौर पुलिस के अभियान को शनिवार को उस समय नई ताकत मिली, जब शहर की 3000 से अधिक महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर वॉकाथॉन निकाली. किशोरियों से लेकर वरिष्ठ महिलाओं तक ने एकजुट होकर नशे से दूरी है जरूरी का संदेश दिया और समाज से नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई का आह्वान किया.
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत शनिवार को नेहरू स्टेडियम से महिला वॉकाथॉन का आयोजन किया. वॉकाथॉन को पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

यह नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ चौराहा, शिवाजी वाटिका और गीता भवन मार्ग से होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंची. कार्यक्रम में शहर की छात्राओं, खिलाड़ी महिलाओं, विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की प्रतिनिधियों, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज की प्रशिक्षु महिला आरक्षकों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों सहित 3000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया.

किशोरवय बालिकाओं से लेकर वरिष्ठ महिलाओं तक की भागीदारी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही. वॉकाथॉन से पहले सभी प्रतिभागियों ने जुम्बा सेशन में हिस्सा लेकर वार्म अप किया. इसके बाद पूरे मार्ग में महिलाओं ने नशे से दूरी है ज़रूरी, से नो टू ड्रग्स, स्वस्थ जीवन, नशामुक्त जीवन और नारी का संकल्प नशामुक्त हो हर परिवार जैसे नारों के जरिए आमजन को जागरूक किया. इस दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी महिलाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई और उनसे अपने परिवार व समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना
नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. यदि माताएं, बहनें और बेटियां नशे के खिलाफ जागरूक होकर आगे आएंगी, तो समाज से इस बुराई को समाप्त करना अधिक आसान होगा. हमारा उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है.
संतोष कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त

Next Post

छात्रों की तीनों मांगों पर कोई समझौता नहीं, शिक्षा मंत्री को हटाना ही होगा : राहुल

Sat Jul 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि आंदोलन कर रहे छात्रों की तीनों मांगों पर कोई समझौता नहीं होगा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से हटाना ही पड़ेगा। श्री गांधी ने शनिवार को […]

You May Like