युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में मिल रहीं हैं नौकरियां – भजनलाल

जयपुर, 16 मई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया है कि उनकी सरकार में युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरियां मिल रही हैं जबकि गत सरकार में युवाओं के सपनों पर कुठाराघात हुआ लेकिन हमारी सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

श्री शर्मा शनिवार को बगरू के ठिकरिया गांव में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया। जिसके तहत हुए एमओयू धरातल पर तेजी से उतर रहे हैं, इससे युवाओं को रोजगार मिल रहा है। साथ ही, स्वरोजगार के लिए युवाओं को ऋण उपलब्ध करवा रहे हैं वहीं प्रदेश में सवा लाख से अधिक युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि एक लाख 35 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं तथा सवा लाख पदों पर भर्तियों का कैलेंडर भी जारी किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रहे हैं। इनके सशक्त बनने से देश और प्रदेश विकसित बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने माता-बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं भी चलाई हैं।

उन्होंने कहा कि गत 27 अप्रैल को प्रदेशभर में ग्राम विकास रथों को भेजा गया था। इनके माध्यम से डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के आयोजन की जानकारी दी गई। वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए श्री मोदी के ईंधन बचत के आह्वान पर ग्राम-2026 के आयोजन को फिलहाल के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक ईंधन खर्च से बचना चाहिए और साझा वाहन उपयोग की आदत विकसित करनी चाहिए, क्योंकि ईंधन की बचत आर्थिक बचत से भी जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में विकास का रोडमैप बनाया। सबसे पहले पानी की आवश्यकता को देखते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंगनहर, विभिन्न बांध एवं नदी सहित महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है वहीं, ऊर्जा उत्पादन एवं आपूर्ति को सुदृढ़ बनाकर 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। साथ ही, प्रदेश में जल संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने की महत्वपूर्ण पहल की। हमारी सरकार प्रदेश में मा वाउचर योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को मुफ्त सोनोग्राफी की सुविधा दे रही है। बालिकाओं को साइकिल एवं स्कूटी वितरित की जा रही हैं। वहीं, प्रदेश में राजीविका के माध्यम से 22 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और 17.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

 

 

Next Post

सिनर रोम फ़ाइनल में, करियर गोल्डन मास्टर्स पूरा करने से बस एक जीत दूर

Sat May 16 , 2026
रोम, 16 मई (वार्ता) विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जानिक सिनर ने शुक्रवार को भारी दबाव के बीच ज़बरदस्त संघर्ष किया, और फिर देर रात बारिश के कारण खेल रुकने के बाद वापसी करते हुए, रोम में इटेलियन ओपन में दानिल मेदवेदेव को शनिवार को 6-2, 5-7, 6-4 से हराकर […]

You May Like