हिंदू संगठनों ने जताया आक्रोश
इंदौर: अनंत चतुर्दशी पर लसूडिया थाना क्षेत्र के तुलसी नगर स्थित एक मंदिर में पशु की पूंछ मिलने से सनसनी फैल गई. घटना के बाद क्षेत्रीय रहवासी और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूंछ को जब्त कर जांच शुरू कर दी.मंदिर की रेलिंग पर किसी ने पशु की पूंछ रख दी थी. इसे देखकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंचे बजरंग दल और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने इस कृत्य को धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की. लसूड़िया पुलिस ने घटना के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पूंछ किस पशु की है और किसने वहां रखी. मामले में थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
