
भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश अंबेडकर के देन
भीम जन्मस्थली में धर्मशाला निर्माण के लिए सरकार देगी 3.5 तीन एकड़ जमीन
नव भारत न्यूज
इंदौर. डॉ अंबेडकर ने समाज उत्थान और सर्वहारा वर्ग के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है. इस कारण ही भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बना है. अंबेडकर का योगदान बहुआयामी है, उन्हें भाविश के चुनौतियों का आभास हो चुका था. यह बात अलग है उनका जीवन बहुत कठिनाइयों में बीता है, लेकिन उन्होंने स्वयं केडी संघर्ष से सीख लेकर दूसरों के जीवन यापन में मदद की.
यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने महू में डॉ अंबेडकर जयंती के अवसर पर कही. मुख्यमंत्री यादव सुबह 11.30 बजे महू स्थित अंबेडकर स्मारक पहुंचे और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने अस्थि कलश पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर स्मारक का अवलोकन किया. उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने 20 वीं शताब्दी में ऐसे अनेक उल्लेखनीय कार्य किए, जिनसे 1000 वर्ष की गुलामी की विसंगतियां दूर हुईं. इसी आधार भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है. बाबा साहब ने स्वयं की शिक्षा में कोई कसर नहीं रहने दी, इससे यह प्रेरणा मिलती है कि व्यक्ति के जीवन में शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं रहनी चाहिए. बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर द्वारा समाज के बंधुत्व और उत्थान के लिए किए गए कार्य भूतो न भविष्यति हैं. डॉ. यादव ने कहा कि बाबा साहब ने समूचे समाज को आरक्षण जैसी व्यवस्था प्रदान की. आज अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सहित हर वर्ग को साक्षरता का लाभ मिल रहा है. अनुसूचित जाति वर्ग की साक्षरता जो कभी मात्र 1.5 प्रतिशत थी, आज 59 प्रतिशत तक पहुंच गई है. भविष्य में जब-जब कठिनाई आएगी, हम सर्वहारा वर्ग के सशक्तिकरण का ध्यान रखेंगे. डॉ. अम्बेडकर ने सामाजिक सशक्तिकरण के लिए मजबूत संविधान बनाया और देश को लोकतंत्र दिया.
कामधेनु योजना शुरू की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डॉ. अम्बेडकर से जुड़े सभी स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में मान्यता दी. महू स्थित भीम जन्मभूमि को तीर्थ के रूप में विकसित करने में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा और शिवराज सिंह चौहान का योगदान महत्वपूर्ण है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भीम जन्मस्थली महू में धर्मशाला निर्माण के लिए साढ़े तीन एकड़ जमीन दी जा रही है। इससे यहां आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, सभी आगंतुकों की संपूर्ण सुविधा का प्रबंध राज्य सरकार की ओर से किया जाएगा. राज्य सरकार ने सर्वहारा वर्ग और प्रदेश के किसानों को समृद्ध बनाने के लिए डॉ. अम्बेडकर कामधेनु योजना शुरू की है. अगर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग का कोई व्यक्ति दूध डेयरी खोलेगा, तो उसे हमारी सरकार द्वारा 30 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि लंदन में भी डॉ. अम्बेडकर का भव्य स्मारक बना है, इसी स्थान पर उन्होंने शिक्षा प्राप्त की थी। यह एक आवासीय क्षेत्र है. अंग्रेजों ने स्मारक बनाने का काफी विरोध किया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से वहां भी तीर्थ का निर्माण हो चुका है.
पुस्तक का विमोचन किया
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंचासीन अतिथियों ने संवैधानिक सामाजिक न्यायः एक चिंतन पुस्तक का विमोचन किया. उन्होंने समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले समाज सेवियों को भीम रत्न अवार्ड से सम्मानित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विधायक उषा ठाकुर ने स्वागत भाषण दिया. कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ने भी सम्बोधित किया. इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, सुमित मिश्रा, श्रवण चावड़ा, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम अध्यक्ष सावन सोनकर, कैलाश जाटव सहित अन्य जन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन उपस्थित थे।