नयी दिल्ली, (वार्ता) वायुसेना और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने अग्निवीरवायु सैनिकों को योग प्रशिक्षक बनाने के लिए समझौता किया है।
यह समझौता ‘योग सेतुः’ कार्यक्रम के तहत योग प्रशिक्षक (लेवल-1) का प्रशिक्षण देने के लिए किया गया है। दोनों संस्थानों के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत वायु सैनिकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में योगासन, प्राणायाम, ध्यान, तनाव प्रबंधन और योग दर्शन जैसे विषय शामिल होंगे। इसका उद्देश्य जवानों की शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक दृढ़ता, एकाग्रता और आत्मानुशासन बढ़ाना है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने इसे दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों का सार्थक संगम बताते हुए कहा ”आप आकाश में हैं और हम जड़ों में, योग इस जुड़ाव को और मजबूत बनाता है।” उन्होंने कहा कि योग जवानों में मानसिक संतुलन, आत्मसंयम और कर्मकुशलता विकसित करने का माध्यम है।
वायुसेना के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एयर मार्शल हरदीप बैंस ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
