इंदौर:शहर में नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शमशान घाट , अवैध कॉलोनियां कटने, तालाब पर अतिक्रमण कर पौधे उखाड़ने और एडवांस एकेडमी सड़क का काम बंद होने और ठेकेदारों का भुगतान नहीं होने से काम शुरू नहीं होने की मुख्य शिकायत पार्षदों ने महापौर को बताई. बैठक में एक बात सामने आई है कि अधिकारियों का ध्यान बड़े कामों की तरफ ज्यादा और वार्डों के काम की तरफ नहीं है. यही कारण है कि आज भी विधानसभा दो और सांवेर के अधिकांश पार्षदों ने काम नहीं होने की शिकायत की है.
दो नंबर विधानसभा और सांवेर के 18 वार्डों की आज समीक्षा बैठक हुई. किसी कारण से उक्त बैठक टल गई थी. बैठक में कांग्रेस तीन वार्डों को छोड़कर अधिकाश पार्षद, पार्षद पति, बेटा और मंत्री के प्रतिनिधि ने भाग लिया. दोपहर करीब 2.30 बजे शुरू हुई बैठक में विधानसभा दो के झोनल कार्यालय के तहत वार्डों की पिछले तीन सालों के विकास कार्यों की समीक्षा और जानकारी ली गई.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने झोनल अधिकारियों से कहा कि इस साल को छोड़कर पिछले तीन सालों में क्या-क्या कार्य हुए या चल रहे हैं? साथ ही टेंडर होने के बाद काम शुरू नहीं होने का भी पूछा गया. बैठक में तलावली चांदा, लसूडिया मोरी, भानगढ़ और शक्कर खेड़ी के शमशान घाट पर मृतक जानकारी रजिस्टर , लकड़ी कंडे तक नहीं होने की शिकायत सामने आई. वहीं, एडवांस एकेडमी सड़क का काम बंद होने और 16 अवैध कॉलोनियां कटने से लेकर, प्लंबर, उद्यान में कर्मचारियों की कमी , ठेकेदारों की लेटलाटिफ़ी और भुगतान नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया.
पार्षदों ने यहां तक कहा कि महापौर की नहीं सुन रहे, तो हमारी कौन सुनेगा? एक दरोगा को इधर से उधर नहीं कर सकते. अधिकारियों की निगाह में हम चोर है और आयुक्त एवं वरिष्ठ अधिकारी आकर देखे कि कौन चोर है. आज की बैठक में ठेकेदारों द्वारा टेंडर लेने के बाद भी काम शुरू नहीं करने का मामला भी सामने आया, जिसमें पार्षदों ने ठेकेदारों के नहीं सुनने और काम नहीं करने या अधूरा पड़ा होने की शिकायत की है.
महापौर हुए नाराज, मेरे को चार बार कहा कि आज हटा देंगे और नहीं हटाया
आज बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को निगम अधिकारी को हटाने का कहने के बाद भी नहीं हटाने पर नाराजगी जताई. महापौर ने कहा कि चार बार तो मुख्द बोल दिया कि आज हटा दूंगा, मगर हटाया नहीं? महापौर ने कहा कि आयुक्त सुबह दौरे पर जाते है और वे किसी को निलंबित करते है तो शाम को ऑर्डर जारी हो जाता है. यह कैसे होता है?
महापौर ने श्मशान घाट की शिकायत पर अधिकारियों से कहा कि यह कार्य मेरी प्राथमिकता में है. क्यों शमशान घाट पर व्यवस्था नहीं हो रही है?
महापौर ने ड्रेनेज को अमृत योजना 2.0 के टेंडर होने के बाद काम शुरू नहीं होने का अधिकारियों से कारण पूछा? अधिकारियों ने बताया वर्क ऑर्डर जारी हो चुके है एक सप्ताह में कम शुरू हो जाएंगे.
महापौर ने ड्रेनेज, उद्यान सफाईकर्मियों और प्लंबर कर्मचारियों की कमी के कारण कई कार्य प्रभावित होने पर अधिकारियों से कहा कि पार्षदों की कर्मचारियों की मांग को पूरा करें.
काम नहीं करने वाले ठेकेदार के टेंडर निरस्त करो
विधायक मेंदोला ने बैठक में कहा कि वार्डो में जो ठेकेदार काम नहीं कर रहे है उनके टेंडर निरस्त करो. मेंदोला ने बापू गांधी नगर में ड्रेनेज का अधूरा काम छोड़ने पर यह बात कही. इसके बाद मेंदोला ने वार्ड 17 में धर्मशाला का काम बंद और स्टे होने पर अधिकारियों से कहा कि पार्षद उसके घर तो नहीं बना रहा है. धर्मशाला सरकारी जमीन पर नहीं बनेगी तो कहां बनेगी? उस क्षेत्र में गरीब लोग अपने घर शादी या अन्य कार्य कहां करेंगे? नगर निगम 50 लाख खर्च कर चुका है. एमआईसी सदस्य राठौर ने भी उद्योग विभाग से जुड़े योगेश मेहता द्वारा काम में रोड़े अटकाकर खुद पैसे मांगता है. विधायक ने क्लर्क कॉलोनी में ड्रेनेज लाइन मकानों के आगे डालने पर पूछा कि घरों के ड्रेनेज लाइन मिलाएंगे कैसे. इलाके में तो सबकी ड्रेनेज लाइन पीछे है. पार्षद ने कहा कि ज्यादातर लोगों ने आगे की तरफ से मिला ली है.
वर्क ऑर्डर में विधायक पार्षद का उल्लेख करने की मांग
पार्षद जीतू यादव ने अधिकारियों से कहा कि विधायक के पत्र पर कोई काम होता है, तो विधायक का उल्लेख नहीं होता है, जबकि एलओए में पार्षद केडी नाम का उल्लेख किया जाता है. एमआईसी राजेंद्र राठौर और पार्षद यादव ने वर्क ऑर्डर जारी करने के आदेश में विधायक का नाम उल्लेख करने की मांग की है. इस पर महापौर भार्गव ने अधिकारियों से कहा कि वर्क ऑर्डर की कॉपी मुझे , विधायक और पार्षद को भेजा करें.
पार्षदों ने की निम्न शिकायतें …
– पार्षद सुरेश कुरवाड़े ने गड्ढों में गिट्टी मुरम (जेएसबी) भरने का विरोध किया. इससे पेंच वर्क ज्यादा ठीक है. आज घोटाला होता है. 10 मीटर की जगह 5 मीटर माल डलता है और ठेकेदार निगम से 10 मीटर का पैसा लेता है.
– भाजपा नगर उपाध्यक्ष पप्पू शर्मा ने कहा कि मंत्री तुलसी सिलावट ने वार्ड 17 और 18 में अरविंदो हॉस्पिटल की 15 एवं बायपास की 35 कॉलोनियों के लिए अमृत योजना 2.0 में अलग अलग टंकी निर्माण, तलावली चांदा में फायर स्टेशन, वार्ड 35 और 36 में बच्चों के खेल कॉम्प्लेक्स तथा सिंधिया प्रतिमा पर आकर्षक लाइट और सौंदर्यीकरण करने का प्रस्ताव रखा है.
– पार्षद बीएन सोनी ने विभिन्न कॉलोनियों मालवीय नगर में 1.17 करोड़ के सड़क और कई कॉलोनियों के ड्रेनेज लाइन का काम शुरू नहीं करने की शिकायत की.
– वार्ड 17 का पार्षद पति ने निगम अधिकारियों पर 1-1 लाख रुपए लेकर उद्योग विभाग की 60 प्लास्टिक और अन्य फैक्ट्री वालों से पैसा लेकर ड्रेनेज में मिलाने का आरोप लगाया. पूरी ड्रेनेज चौक पड़ी होने का बताया.
– पार्षद सीमा धर्मेंद्र मौर्य ने कर्मचारियों 2022 से 22 कर्मचारियों की कमी और उद्यान में एक कर्मचारी है और प्लंबर देने की मांग की है.
– पार्षद संध्या जायसवाल के पुत्र ने औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टि्रयों की नपती कर राजस्व वसूली की मांग की है. साथ ही तीन संजीवनी क्लिनिक में से एक शुरू होने और दो को और चालू करने की शिकायत दर्ज करवाई.
