
इंदौर. लगातार हुई तेज बारिश के बीच शहर में अलग अलग स्थानों पर पानी के तेज बहाव में दो युवकों के बहने की घटनाएं सामने आईं. लसूड़िया मोरी क्षेत्र में नाले में बहे युवक का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया, जबकि अहीरखेड़ी क्षेत्र में बहा युवक अब भी लापता है. पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन राहत बल की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है.
लसूड़िया मोरी निवासी गोलू पिता आत्माराम पंवार उम्र 34 साल बुधवार रात करीब नौ बजे अपने पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था. लगातार बारिश के कारण नाले में पानी उफान पर था. नाले के किनारे से गुजरते समय वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया. सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन राहत बल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात के अंधेरे और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी.
गुरुवार सुबह बचाव दल ने दोबारा तलाश शुरू की. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गोलू का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुल के नीचे कचरे में फंसा मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया.
वहीं दूसरा मामला अहीरखेड़ी क्षेत्र का है. यहां महेश चौहान अपने दोस्त मनीष के साथ पुल की रपट पार कर रहा था. इसी दौरान दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गए. मनीष किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन महेश पानी में बह गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने रात से ही आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी. गुरुवार को भी पूरे दिन राहत एवं बचाव दल ने विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महेश का कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस का कहना है कि पानी का बहाव कम होने के साथ साथ तलाश का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है और अभियान लगातार जारी है. मामले में पुलिस का कहना है कि लसूड़िया मोरी में बहे युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अहीरखेड़ी में लापता युवक की तलाश के लिए बचाव दल लगातार सर्च अभियान चला रहा है. पानी का बहाव कम होने के बाद भी खोजबीन जारी रहेगी.
