ज्वेलर्स की दुकान पर गैस कटर से शटर काटकर चोरी, व्यापारियों में दहशत

सीतामऊ। नगर के आड़ा बाजार स्थित लक्की ज्वेलर्स की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने शटर को गैस कटर से काटकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लक्की ज्वेलर्स के संचालक मोनेश प्रहलाद सोनी ने सुबह दुकान पहुंचने पर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चोरी की इस घटना से नगर के समस्त सराफा व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान का शटर काटकर दुकान में प्रवेश किया और चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। हालांकि चोरी गए सामान का आंकलन अभी तक नहीं हो पाया है, परंतु प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लाखों रुपये मूल्य के जेवरात चोरी हुए हैं।

इस घटना के विरोध में आज नगर के सभी सराफा व्यापारियों ने एकत्र होकर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। व्यापारियों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि नगर में इससे पूर्व भी सराफा दुकानों को निशाना बनाकर चोरी के प्रयास हो चुके हैं, किंतु अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो पाया है।

व्यापारियों का कहना है कि सोना-चांदी के बढ़ते दामों के चलते सराफा व्यापारियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। सभी व्यापारी अब सुरक्षा की दृष्टि से सायंकाल जेवरात घर ले जाने को विवश हैं, जिससे असुरक्षा की भावना और बढ़ रही है।

व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि शहर में रात्रि गश्त को सख्त किया जाए, सीसीटीवी निगरानी को बढ़ाया जाए एवं सराफा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, पुरानी चोरी की घटनाओं का भी शीघ्र खुलासा कर दोषियों को सजा दिलाई जाए।

नगरवासियों ने भी पुलिस-प्रशासन से अपील की है कि बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Next Post

नशा छोड़ो, जीवन संवारो अभियान: पुलिस ने दिखाई नई राह, ग्रामीणों ने ली शपथ

Fri Jul 25 , 2025
सीधी। प्रदेशव्यापी अभियान नशे से दूरी है जरूरी के ग्यारहवें दिन 25 जुलाई को सीधी जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में थाना-चौकी स्तर पर आंगनबाड़ी, स्कूल, बाजार और झुग्गी क्षेत्रों में जनचर्चा, पोस्टर वितरण, काउंसलिंग व शपथ कार्यक्रम हुए। महिलाओं, छात्र-छात्राओं, […]

You May Like