लक्जरी कार से गांजे की तस्करी करते 2 धराए

सतना से खेप लेकर गए थे बिरसिंहपुर बाजार में बेचने
सतना : जिले के सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसिंहपुर बाजार क्षेत्र में लक्जरी कार से संदिग्ध तौर पर घूम रहे दो आरोपियों को जब पुलिस ने दबोचा तो मालुम हुआ कि मामला गांजा तस्करी के रैकेट से जुड़ा हुआ है. दोनों आरोपी सतना से गांजे की खेप लेकर बिरसिंहपुर बाजार में बेचने के लिए गए थे. लेकिन समय रहते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 3 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद कर लिया.

थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली कि सफेद रंग की टाटा इंडिगो कार क्र. एमपी 19 सी बी 0206 में दो व्यक्ति संदिग्ध तौर पर बैठे हुए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन ही पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने निगरानी शुरु की तो कोटर रोड बिरसिंहपुर स्टेडियम के पास उक्त कार आती दिखाई दी.

लिहाजा पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कार को रोक लिया. कार में बैठे दोनों व्यक्तियों से की गई पूछताछ के जरिए उनकी पहचान विवेक कुमार पाण्डेय उर्फ लाल पिता सच्चिदानंद उम्र 33 वर्ष और शहबाज कादरी उर्फ रिजवान उम्र 32 वर्ष दोनों निवासी वार्ड क्र. 5 बिरसिंहपुर के तौर पर हुई. इसी कड़ी में जब पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो डिग्गी में सफेद रंग का झोला रखा दिखाई दिया. जिसे खोलने पर उसमें कत्थे रंग की पन्नी में 3 अलग अलग पैकेट रखे मिले. सभी पैकेट में गांजा भरा हुआ था, जिसका वजन 3 किलो 50 ग्राम पाया गया. जिसे देखते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
पहले से दर्ज हैं कई अपराध
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की यह खेप उन्होंने रेखा गुप्ता उर्फ कोमल और सूरज कुशवाहा सतना से प्राप्त की थी. जिसे वे बिरसिंहपुर बाजार में बेचने के लिए गए थे. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विवेक और रिजवान के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के क्रमश: 9 और 7 अपराध पहले से पंजीबद्ध होकर न्यायालय में प्रस्तुत किए जा चुके हैं. इसी कड़ी में आरोपियों को गांजे की खेप मुहैया कराने वाले सतना निवासी रेखा उर्फ कोमल गुप्ता और सूरज कुशवाहा की तलाश भी की जा रही है.

Next Post

महोत्सव के अंतिम दिन ‘मारे गए गुलफाम’ की यादगार प्रस्तुति

Tue Feb 25 , 2025
प्रेम और संवेदना की जीवंत प्रस्तुति- मारे गए गुलफाम रीवा:चित्रांगन अंतरराष्ट्रीय फिल्म एवं नाट्य महोत्सव के पांचवें और अंतिम दिन कला प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय शाम रही, प्रसिद्ध अभिनेता और रंगकर्मी रघुवीर यादव के निर्देशन में नाटक ‘मारे गए गुलफाम’ का मंचन हुआ, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया. […]

You May Like