
इंदौर। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का काफिला उस वक्त मातम में बदल गया जब एक महिला संयोजिका को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। हादसा एबी रोड स्थित मानपुर के समीप उस वक्त हुआ जब महिला श्रद्धालु सड़क किनारे चल रही थी। ओवरटेक करने के दौरान लापरवाह टैंकर चालक ने महिला को चपेट में ले लिया जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका की पहचान ममता बागवान (27) पति धर्मेन्द्र, निवासी प्रीमियम पार्क, बाणगंगा के रूप में हुई है। वह आदर्श कांवड़ यात्रा की संयोजिका थी और इंदौर से करीब 15 श्रद्धालुओं के साथ महेश्वर से जल लेकर उज्जैन की ओर जा रही थी।
जैसे ही यात्रियों का जत्था मानपुर के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे टैंकर आर जे 09- टी 8951 ने ओवरटेक करते समय महिला को रौंद दिया। पहिए के नीचे आने से ममता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रद्धालुओं ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
पुलिस ने टैंकर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद यात्रा को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। श्रद्धालुओं और परिजनों में शोक की लहर है।
