मॉस्को, 23 जुलाई (वार्ता) यूक्रेन ने देश में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बनी संस्थाओं की शक्तियों में कटौती कर दी है। सरकार के इस कदम को कठोर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसा कहा जा रहा है कि यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के भ्रष्टाचार विरोधी निकायों पर प्रतिबंध लगाने वाले कानूनों को जल्दबाजी में बनाने का कारण संभवतः यह है कि यूक्रेन का राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उनके करीबी लोगों के खिलाफ जाँच शुरू कर चुका है। द इकोनॉमिस्ट पत्रिका ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
विदित हो कि मंगलवार को, यूक्रेनी संसद ने एक विधेयक पारित किया जो ब्यूरो और विशेष भ्रष्टाचार निरोधक अभियोजक कार्यालय की स्वायत्तता को सीमित करता है। कई सांसदों ने इन भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी संस्थाओं को शक्तियों में कटौती के लिए सरकार की आलोचना की।
मंगलवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि भ्रष्टाचार विरोधी सुधारों को कमजोर करने के उद्देश्य से बनाया गया यह कानून देश के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालेेेगा। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि श्री ज़ेलेंस्की के इस फैसले से उनकी टीम के कई लोग हैरान हैं।

