भोपाल, 05 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज राज्य के मेधावी स्कूली विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में स्कूटी वितरित कीं।
स्थानीय कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हुए इस समारोह के दौरान डॉ यादव ने प्रतीक स्वरूप 10 विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी सौंपी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने स्वयं भी स्कूटी चलाई।
समारोह के संदर्भ में डॉ यादव ने कहा कि सुनहरे भविष्य की राह सुगम हो, संसाधनों का अभाव बाधा न बने। इसी को देखते हुए मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल के शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कक्षा 12वीं के प्रत्येक संकाय से टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की जा रही है।
समारोह के दौरान लगभग 7900 टॉपर स्टूडेंट्स के ‘स्कूटी वितरण कार्यक्रम’ का डॉ यादव ने दीप-प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया एवं 10 विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से स्कूटी की चाबी देकर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि हर बच्चा शिक्षित हो। शिक्षा में समय, दूरियां एवं आवागमन के साधन का अभाव बाधा न बने और स्वर्णिम भविष्य की राह सुगम हो। इस संकल्प पूर्ति के लिए सरकार निरंतर कार्यरत है।

