सतना :सतना चित्रकूट राज्यमार्ग पर हाटी मोड़ के निकट मंगलवार की शाम हुए सडक़ हादसे में एक ओर जहां बाइक सवार मां की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरी ओर बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस द्वारा दुर्घटनाकारित करने वाले वाहन चालक की तलाश की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार कोठी निवासी 60 वर्षीय लल्ली रजक अपने बेटे के बलराज रजक उम्र 22 वर्ष के साथ बाइक पर सवार होकर कोठी से सतना की ओर जा रही थीं.
बताया गया कि जैसे ही उनकी बाइक हाटी मोड़ के निकट पहुंची वैसे ही सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. तेज रफ्तार ट्रक की जबरदस्त टक्कर लगते ही बाइक सवार मां बेटे डछलकर गिर गए. वहीं टक्कर से नीचे गिरने के बाद ट्रक के पहियों के नीचे आ जाने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इतना ही नहीं बल्कि टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला.
कुछ ही देर बाद वहां से गुजरे राहगीरों ने जब रोंगटे खड़े कर देने वाला नजारा देखा तो फौरन पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मां बेटे को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा. जहां पर मां के शव को मर्चुरी में रख दिया गया. जबकि बेटे को भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मच गया. वहीं पुलिस द्वारा दुर्घटनाकारित करने वाले अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
