नदी में डूबी महिला, सरपंच ने बचाई जान

सतना : जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनपुरा गांव में मंगलवार को उस वक्त हडक़ंप मच गया जब एक महिला नदी में डूबती दिखाई दी. गनीमत यह रही कि सरपंच ने हिम्मत दिखाई और पानी में कूदकर कड़ी मशक्कत करते हुए किसी तरह महिला को बाहर निकाला. महिला का उपचार जारी है व हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनपुरा गांव में मंगलवार की सुबह जब ग्रामीणों ने एक महिला को नदी में बहते हुए देखा तो उनके होश उड़ गए.

भाग कर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब पानी का बहाव देखा तो उनकी हिम्मत जवाब दे गई. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे इटौर के सरपंच माधुरी अवधेश सिंह ने महिला को डूबता देख फौरन नदी में छलांग लगा दी. पानी के बहाव के बावजूद सरपंच किसी तरह तैरते हुए महिला के पास पहुंचे और उन्हें पानी से बाहर निकालने की कवायद शुरु की. कड़ी मशक्कत करते हुए किसी तरह महिला को पानी से बाहर निकाल कर किनारे लाया गया.

जहां पर उनके शरीर में प्रवेश कर चुके पानी को बाहर निकालने का प्रयास शुरु हुआ. वहीं महिला को बेसुध देख फौरन ही एंबुलेंस को बुलाया गया. लेकिन इसके बावजूद भी एंबुलेंस वहां नहीं पहुंच सकी. इसी दौरान मौके पर पहुंचे कोटर थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा ग्रामीणों की मदद से निजी वाहन के जरिए महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया. जहां पर शुरु हुए उपचार के चलते महिला की हालत में सुधार आना शुरु हो गया. अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार महिला की हालत खतरे से बाहर है. महिला की पहचान खम्हरिया निवासी चंपा गौतम के तौर पर हुई. इस घटना को देखते हुए एक ओर जहां सरपंच द्वारा किए साहसिक कार्य की प्रशंसा हो रही है. वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.

Next Post

करेंट की चपेट में आकर युवक की मौत

Wed Jul 23 , 2025
सतना : खेत में लुग्गी के जरिए दौड़ रहा करेंट एक युवक की मौत का कारण बन गया. घटना को देखते हुए परिजनों द्वारा खेत में करेंट दौड़ाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की मांग की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र […]

You May Like