फिगर स्केटिंग में दो स्वर्ण के साथ हरियाणा शीर्ष पर, केरल और उत्तराखंड ने जीते एक-एक स्वर्ण

लेह (लद्दाख), (वार्ता) खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के दूसरे दिन बुधवार को फिगर स्केटिंग स्पर्धा में हरियाणा ने दो स्वर्ण जीते, केरल और उत्तराखंड ने जीते एक-एक स्वर्ण पदक अपने नाम किये। इसी के साथ हरियाणा कुल पांच पदकों (दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य) के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है।

आज यहां नवांग दोरजे स्टोबदान (एनडीएस) स्टेडियम में फिगर स्केटिंग स्पर्धा में पांच राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 20 स्केटरों ने हिस्सा लिया। पहला स्वर्ण हरियाणा की हिया अदलखा ने जीता, जबकि लद्दाख की स्टांजिन खांडो और तेंजिन कुंज़िन ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

नोविस लड़के वर्ग में उत्तराखंड के आदर्श सिंह रावत ने स्वर्ण पदक जीता, लेकिन सबसे अधिक प्रतीक्षित मुकाबले एडवांस्ड लड़के और लड़की वर्ग के रहे। हरियाणा की गौरी राय (नीले-फिरोज़ी रंग की पोशाक में) ने एडवांस्ड लड़की शॉर्ट प्रोग्राम में स्वर्ण पदक जीता। हालांकि तकनीकी गुणवत्ता के लिहाज से केरल के अभिजीत अमल राज तीनों पहलुओं में अन्य सभी स्केटरों से बेहतर रहे। एडवांस्ड लडके वर्ग में कुल नौ प्रतियोगी शामिल थे।

आइस हॉकी में पुरुषों के ग्रुप-बी मुकाबले में लद्दाख और आईटीबीपी के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें मेजबान लद्दाख ने 3–1 से जीत दर्ज की। मुकाबले में शारीरिक टकराव भरपूर रहा। स्टांजिन अंगछोल ने पहले ही मिनट में गोल कर लद्दाख को बढ़त दिलाई।

दूसरे पीरियड के 10वें मिनट में नावांग ज़ंगपो ने आईटीबीपी के लिए बराबरी का गोल दागा। उस समय आईटीबीपी एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद गोल करने में सफल रही, जिससे टीम में नई ऊर्जा का संचार

हुआ। तीसरे पीरियड में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला, लेकिन त्सेरिंग अंगछुक के दो गोलों ने लद्दाख की जीत सुनिश्चित कर दी।

आज के आइस हॉकी परिणाम इस प्रकार रहे। महिला (ग्रुप बी):

आईटीबीपी ने हरियाणा को 7–0 से हराया। हिमाचल प्रदेश ने राजस्थान को 2–0 से हराया। चंडीगढ़ ने तेलंगाना को 3–1 से शिकस्त दी।

पुरुष वर्ग ग्रुप बी में लद्दाख ने आईटीबीपी को 3–1 से हराया।

Next Post

राशिफल-पंचांग : 22 जनवरी 2026

Thu Jan 22 , 2026
पंचांग 22 जनवरी 2026:- रा.मि. 02 संवत् 2082 माघ शुक्ल चतुर्थी गुरूवासरे रात 1/17, शतभिषा नक्षत्रे दिन 1/56, वरीयान योगे शाम 5/26, वणिज करणे सू.उ. 6/39, सू.अ. 5/21, चन्द्रचार कुम्भ, पर्व- वैनायकी श्रीगणेश चतुर्थी व्रत, शु.रा. 11,1,2,5,6,8 अ.रा. 12,3,4,7,9,10 शुभांक- 4,6,0. ——————————————————— आज जिनका जन्म दिन है- उनका आगामी वर्ष: […]

You May Like