इंदौर: जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ बनी हुई है. कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा विगत 10 दिनों में घरेलू सिलेंडर आपूर्ति एवं प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा हेतु आज रेसिडेंसी कोठी में बैठक आयोजित की गई. बैठक में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के सेल्स अधिकारी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी तथा गैस एजेंसियों के डीलर उपस्थित रहे.
समीक्षा के दौरान पाया गया कि पिछले 10 दिनों में घरेलू उपभोक्ताओं को लगभग 3 लाख 63 हजार गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की गई, जो सामान्य दिनों की तुलना में एक रिकॉर्ड है. सामान्यतः इसी अवधि में लगभग 2 लाख 60 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति होती है. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों को, जिन्हें कमर्शियल सिलेंडर हेतु विशेष छूट प्रदान की गई है, उनकी आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे. साथ ही एसवी कनेक्शन, गैस बैंक एवं मैनिफोल्ड प्रणाली के अनुरूप ही सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सभी ऑयल कंपनियों को निर्देशित किया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण हर हाल में 24 घंटे के भीतर किया जाए तथा इसकी दैनिक रिपोर्ट जिला आपूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए. बैठक में अवंतिका गैस पाइपलाइन के माध्यम से दिए जा रहे कनेक्शनों की भी समीक्षा की गई. जानकारी दी गई कि पिछले 10 दिनों में लगभग 600 घरेलू एवं 111 कमर्शियल पाइपलाइन कनेक्शन प्रदान किए गए हैं.
जहां पाइपलाइन वहां प्राथमिकता से कनेक्शन दें
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि जहां-जहां पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां प्राथमिकता से कनेक्शन देकर सिलेंडर निर्भरता कम की जाए. साथ ही आवेदन के एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन प्रदान करने की प्रक्रिया को और तेज किया जाए. आपूर्ति विभाग द्वारा विगत 10 दिनों में 92 प्रकरण दर्ज कर लगभग 300 सिलेंडर जब्त किए गए हैं तथा कुछ मामलों में अभियोजन की कार्रवाई भी की गई है. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए
