राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रस्ताव को सिरे से खारिज किया, कहा- ‘रूस के दबाव में नहीं आएगा यूक्रेन’।
कीव, 14 अगस्त (वार्ता): यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि उनका देश रूस को डोनेट्स्क क्षेत्र कभी नहीं सौंपेगा। उन्होंने यह बात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा दिए गए प्रस्ताव के जवाब में कही, जिसमें उन्होंने शांति समझौते के बदले यूक्रेन से डोनेट्स्क क्षेत्र पर रूस का अधिकार स्वीकार करने के लिए कहा था। जेलेंस्की ने इसे रूस की ओर से यूक्रेन पर दबाव बनाने की कोशिश बताया है।
जेलेंस्की ने कहा, “यूक्रेन अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करेगा। हम रूस के दबाव में नहीं आएंगे।” उन्होंने कहा कि डोनेट्स्क क्षेत्र यूक्रेन का हिस्सा है और रहेगा। जेलेंस्की ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से भी यूक्रेन का समर्थन जारी रखने की अपील की है ताकि रूस को यूक्रेन के क्षेत्रों पर कब्जा करने से रोका जा सके।

