सीहोर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है. सीएमएचओ डॉ सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में भी एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बालिकाओं को एचपीवी की वैक्सीन लगाई जा रही है. स्वास्थ्य संस्थाओं में जिले की 94 बालिकाओं को एचपीवी की वैक्सीन लगाई गई. उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे जानलेवा कैंसर है. इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा यह राष्ट्रव्यापी एचपीवी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है. यह अभियान आगामी तीन माह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा. अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं टीकाकरण के लिए पात्र होंगी. साथ ही अभियान प्रारंभ होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली बालिकाएं भी पात्र मानी जाएंगी.
