युद्ध की आग में झुलसते ईरान में फंसे 1200 भारतीय छात्र, उर्मिया में हॉस्टल के पास भीषण बमबारी से मची चीख-पुकार, भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार

नई दिल्ली/तेहरान | ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच वहां पढ़ रहे करीब 1200 भारतीय छात्रों की जान जोखिम में पड़ गई है। उर्मिया शहर में भारतीय छात्रों के हॉस्टल से महज 300 मीटर की दूरी पर हुए ताजा हवाई हमले ने दहशत फैला दी है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि पूरी इमारत हिल गई। छात्र अब अपनी जान बचाने के लिए बंकरों और सुरक्षित स्थानों की तलाश कर रहे हैं। हर घंटे गूंजती फाइटर जेट्स की आवाज और धमाकों ने छात्रों के बीच अनिश्चितता और गहरे डर का माहौल पैदा कर दिया है, जिससे उनके परिजन भी खासे चिंतित हैं।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 23 फरवरी को ही एडवाइजरी जारी कर सभी नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दी थी, लेकिन एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई कर रहे अधिकांश छात्र अपनी परीक्षाओं के कारण रुक गए। 5 मार्च को होने वाली प्री-इंटर्नशिप परीक्षा और अन्य पूर्व निर्धारित एग्जाम्स को स्थानीय अधिकारियों ने टालने से मना कर दिया था, जिस वजह से छात्र समय पर सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके। अब युद्ध के बिगड़ते हालात और बंद होते हवाई मार्गों के बीच इन छात्रों के लिए निकलना लगभग असंभव होता जा रहा है। छात्र संगठनों ने विदेश मंत्रालय से मांग की है कि परीक्षाओं को दरकिनार कर छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।

ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन और JKSA ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से हस्तक्षेप की अपील की है। मांग की गई है कि जब तक पूर्ण निकासी अभियान (Evacuation) शुरू नहीं होता, तब तक छात्रों को युद्धग्रस्त क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित बंकरों या दूतावास की सुरक्षा में शिफ्ट किया जाए। ईरान में इजराइल और अमेरिका की ताबड़तोड़ बमबारी के जवाब में ईरान भी मिसाइलें दाग रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र रणक्षेत्र में तब्दील हो चुका है। भारत सरकार स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है और छात्रों को वापस लाने के लिए कूटनीतिक रास्तों पर विचार किया जा रहा है।

Next Post

राजधानी भोपाल में रंगों की बौछार, होली की धूम से सराबोर शहर

Wed Mar 4 , 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में होली का उत्सव पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही रंग-गुलाल उड़ने लगे और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं।पुराने शहर से लेकर नए भोपाल तक […]

You May Like