
ग्वालियर। जिला चिकित्सालय मुरार में पहली बार रीढ़ की हड्डी का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया है। इस सफलता से अब ऐसे मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जिला चिकित्सालय मुरार में 60 वर्षीय मरीज की रीढ़ की हड्डी की सफल स्पाइन फिक्सेशन सर्जरी की गई। मरीज लंबे समय से कमर दर्द, पैरों में झनझनाहट, कमजोरी तथा चलने-फिरने में परेशानी से पीड़ित था। न्यूरोसर्जन डॉ. मयंक जेसवानी एवं डॉ. यश शर्मा की टीम ने सफल ऑपरेशन कर रीढ़ की नसों पर पड़ रहे दबाव को दूर किया और स्पाइन को स्थायित्व प्रदान किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है तथा उसे दर्द और अन्य समस्याओं से राहत मिल रही है।
सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. श्रद्धा गोस्वामी एवं डॉ. दिलीप पंडोलिया ने निभाई, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और सुचारु रूप से हुई।
जिला चिकित्सालय मुरार में इस जटिल स्पाइन सर्जरी की सफलता सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का प्रमाण है।
