
हटा/दमोह। साइबर अपराधों की रोकथाम और लोगों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे SAFE CLICK 2.0 अभियान के तहत हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बैगी ने छात्रों के बीच पहुंचकर उन्हें साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा करने के खतरों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहना बेहद आवश्यक है।उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अपने पिन, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें तथा अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव करने से बचें।साथ ही ऑनलाइन चैट पर निजी या आपत्तिजनक फोटो-वीडियो साझा न करने, ऑनलाइन मित्रों के झांसे में आकर पैसों का लेन-देन न करने और किसी भी व्यक्ति के कहने पर अनजान मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड न करने की भी सलाह दी गई।थाना प्रभारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930पर शिकायत दर्ज कराए या पुलिस थाने से संपर्क करे।
