पटना, 21 जुलाई (वार्ता) बिहार में राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के पारस अस्पताल में अपराधी चंदन कुमार मिश्रा की हुयी हत्या के मामले में गिरफ्तार तीन अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया तथा इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी तौसीफ पुलिस रिमांड पर है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि 17 जुलाई को पारस अस्पताल में इलाजरत चंदन कुमार मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के अनुसंधान के क्रम में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर तथा तकनीकी विश्लेषण एवं प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कोलकाता पुलिस एवं कोलकाता विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के सहयोग से चार अभियुक्तों को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों ने बताया कि पटना पुलिस गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता से पटना लेकर आयी। पटना लाने के बाद सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस हत्याकांड में संलिप्त एक अभियुक्त तौसीफ से पूछ-ताछ करने के लिये पुलिस ने रिमांड के लिए न्यायालय में आवेदन समर्पित किया था। न्यायालय ने पटना पुलिस की रिमांड के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार अन्य तीन अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
