जबलपुर: ओमती पुलिस ने रज्जाक गैंग पर एक और एफआईआर दर्ज कर ली है। फर्जीवाड़ा कर लोन की रकम निकालने, पिस्टल अड़ाकर धमकाने और वाहन लूटने के आरोप में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी बनाया गया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक शेख कामरान पिता शेख गुलाब 43 वर्ष निवासी आनंद जादूगर की गली नया मोहल्ला ओमती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका खाता ओरियेन्टल बैंक शाखा मढ़ाताल में है।
वर्ष मार्च 2018 में उसे लोन की आवश्यकता थी। आवेदन करने बैंक गया था जहां पर मोहल्ले में रहने वाले मोहम्मद अयाज उर्फ अज्जू निवासी घंटाघर, बाबा साहब की दरगाह के बाजू वाली गली में, रिपटा, का मिला। उसने कहा कि मेरा बैंक मैंनेजर से पहचान है मैं तुम्हारा लोन करा दूंगा। यह बात कह कर उसने लोन संबंधी सभी दस्तावेज ले लिये एवं उस पर हस्ताक्षर करा लिया और लोन प्रक्रिया में भी लगा दिया।
इसके एवज उसने 30 से 35 हजार रूपये भी नगद लिये जिसमें उसने यह कहा कि बैंक की लिखा पढ़ी में यह पैसा लगना है। जिस पर उसने पैसा उधार लेकर उसे 3 किश्तों में पैसा दिया उसके द्वारा कहा गया कि 1 से डेढ महीने में लोन हो जायेगा। समय गुजरने के पश्चात् कहा कि आपके लोन की प्रक्रिया चल रही है। ज्यादा पूछताछ कि जाने पर कहा कि आपका लोन नहीं हो पायेगा। इसके पश्चात् 6 महीने गुजरने के करीब घर में ओरियन्टल बैंक द्वारा नोटिस आया कि आपका लोन हो चुका है, उसकी किश्त नहीं दी जा रही है। इसके बाद उसने मोहम्मद अयाज उर्फ अज्जू से पूछताछ कि और बैंक में जाकर पता लगाया तब उसकी आई.डी. से तकरीबन 9 लाख रूपये का लोन 27 जुलाई 2018 को हो चुका था।
ऐसे किया फर्जीवाड़ा
पीडि़त ने शिकायत मेें बताया कि फर्जी कोटेशन लगाकर जो बैंक में हस्ताक्षर किये गये थे उसकी नकल बनाकर पूरे पैसे दूसरे एकाउण्ट में ट्रान्सफर कर दिये गये है। मोहम्मद अयाज उर्फ अज्जू ने उसके परिचित के मोह.इमरान एवं निया खान के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है जिसकी एफआईआर दोनों के द्वारा थाना में की गई है।
रज्जाक-अब्बास की कंपनी जाती है रकम
फर्जीवाड़े का पता चलने पर पीडि़त ने मोहम्मद अयाज उर्फ अज्जू से नवंबर 2020 में संपर्क किया तो मोहम्मद अयाज उर्फ अज्जू अपने भाई मोहम्मद एफाज, मोहम्मद इमतियाज के साथ उसके घर आकर छाती में पिस्टल लगाकर धक्का देकर धमकी दिया कि हमलोग अब्दुल रज्जाक, सरताज अब्बास एवं रिया के आदमी हैं बैंक लोन का सारा पैसा तुम्हें ही देना होगा। फर्जी लोन का जो भी रुपया आता है उसका कुछ रुपये हिस्सा रज्जाक और अब्बास की कंपनी में भी जाता है यदि कही शिकायत कि तो जान से मार देंगे और घर के बाहर खड़ी उसकी एक्सेस जबरदस्ती छीन कर ले गए।
दहशत में नहीं की थी शिकायत
शिकायकर्ता ने बताया कि दहशत में उसने कोई शिकायत नहीं की थी। पीडि़त ने बताया कि पुलिस द्वारा रज्जाक गैंग पर की गई कार्रवाई से उसका डर खत्म हो गया है जिसके चलते उसने अब थाने में शिकायत की।
उधर रिमांड पर भाई, पूछताछ जारी
इधर पुलिस ने महमूद पिता अब्दुल वहीद 53 वर्ष को रिमांड पर लेकर पूछताछ रही है पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारियां हाथ लगी है जिस पर पड़ताल जारी है। वहीं रज्जाक के बेटे सरफराज, भतीजे अजहर और मोह. सज्जाद को जेल भेजा जा चुका है।
